देहरादून में तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो गांजा और स्मैक बरामद; 8 लाख की खेप जब्त

देहरादून में तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो गांजा और स्मैक बरामद; 8 लाख की खेप जब्त
Spread the love

देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.59 ग्राम स्मैक और 10 किलो 202 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान कबाड़ी पुल से थाना पटेलनगर की ओर आने वाले मार्ग पर वाहन संख्या UP-86-X-5007 में सवार करन और हिमांशु को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में करन के पास से 7.98 ग्राम तथा हिमांशु के पास से 8.61 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। वहीं, आरटीओ चेक पोस्ट आशारोड़ी के पास से अंचल राजपूत को 10 किलो 202 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सहारनपुर और बिहार से मादक पदार्थ लाकर देहरादून में नशे के आदी लोगों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को ऊंचे दामों पर बेचते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन (21 वर्ष) निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हिमांशु (20 वर्ष) निवासी चंद्रबनी, देहरादून (मूल निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश) तथा अंचल राजपूत (20 वर्ष) निवासी बिंदाल झुग्गी बस्ती, देहरादून (मूल निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है।

तीनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुंसाई के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह तथा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles