साथी पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद

देहरादून। प्रेमनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के एक आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही साथी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को रजत मलिक ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने आया था। प्रेमनगर के दशहरा ग्राउंड के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद शिवानंद ने कृष्णा पर धारदार हथियार से पेट और जांघ पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 6 जुलाई को आरोपी शिवानंद बालियान उर्फ शिवा (20 वर्ष) निवासी ग्राम सिसौली, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को पौधा रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ घूमने देहरादून आया था। दशहरा ग्राउंड के पास किसी बात पर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में उसने अपने पास मौजूद धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा, उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, कांस्टेबल श्रीकांत ध्यानी और कांस्टेबल रोबिन की टीम ने अंजाम दिया।

