NETGRID तकनीक से 48 घंटे में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस, हरिद्वार पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

NETGRID तकनीक से 48 घंटे में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस, हरिद्वार पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा
Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सटीक पुलिसिंग का परिचय देते हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस ने गृह मंत्रालय द्वारा संचालित NETGRID पोर्टल की मदद से पहले अज्ञात शव की पहचान की और फिर हत्यारोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को थाना भगवानपुर क्षेत्र में बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा।

पुलिस ने मृतक की फोटो NETGRID पोर्टल पर अपलोड की, जिसके आधार पर विभिन्न राज्यों के दस संभावित व्यक्तियों की जानकारी सामने आई। अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर, देवबंद, बिजनौर, मुरादाबाद और हिमाचल प्रदेश जाकर सत्यापन किया, जिसके बाद मृतक की पहचान कलीम पुत्र मुरादु निवासी देवबंद, सहारनपुर के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना वाली रात क्षेत्र में एक काली क्रेटा कार देखी गई थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल भगवानपुर क्षेत्र में काम की तलाश में आए थे और रात में धरोहर होटल में खाना खाने पहुंचे थे। वहीं किसी बात को लेकर होटल संचालकों और उनके साथियों से विवाद हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कामिल जान बचाकर भाग निकला, जबकि कलीम को आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। जब उसकी मौत हो गई तो शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस ने 19 मई को सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की पूरी घटना कबूल की। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी भी रडार पर हैं, जिनकी तलाश जारी है।


पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे, मृतक का मोबाइल फोन, क्रेटा कार और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह सहित थाना भगवानपुर, सीआईयू हरिद्वार और रुड़की की संयुक्त पुलिस टीम शामिल

देवभूमि खबर

Related articles