चारधाम यात्रा 2026: यमुनोत्री मार्ग के ब्लाइंड स्पॉट पर लगाए गए कॉन्वेक्स मिरर, दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर सड़क सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अंधे मोड़ों पर कॉन्वेक्स मिरर लगाए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा ओरछा बैंड, डंडाल गांव के समीप, बड़कोट–पौंटी बैंड, बसंती बैंड (स्यानाचट्टी), डाबरकोट, किसाला बैंड, बर्नीगाड़ और चामी (सारीगाड़) सहित कई ब्लाइंड स्पॉट को चिह्नित कर वहां कॉन्वेक्स मिरर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक साइन और चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार कॉन्वेक्स मिरर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में काफी सहायक होते हैं। अंधे और तीव्र मोड़ों पर लगे ये मिरर वाहन चालकों को विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों की जानकारी पहले ही दे देते हैं, जिससे चालक समय रहते वाहन की गति कम कर सावधानी के साथ आगे बढ़ सकते हैं।
उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंचते हैं, ऐसे में यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यात्रा मार्ग पर निरंतर निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बन
