मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ को दी 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण तथा 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने जनपद में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इस दौरान उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मुख्यमंत्री को हस्तशिल्प से निर्मित ‘सत्यमेव जयते’ की कलाकृति और बाबा नीम करौली की तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास, पर्यटन विस्तार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन विकास योजनाओं से जनपद में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक होने की संभावना है। इससे स्थानीय होमस्टे, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों से जुड़े लोगों की आय बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल के निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी तथा हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया जा रहा है। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, जौलजीबी मेले और आठगांव शिलिंग मेले की शुभकामनाएं भी दीं।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स कार्य, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने तथा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा की।
इसके अतिरिक्त मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति देने, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य कराने, ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग बनाने, ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण करने तथा चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क के सुधारीकरण और चौड़ीकरण की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी एवं हेमराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


