20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार,बरामद शराब की कीमत 1.36 लाख रुपये से अधिक, तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त

टिहरी गढ़वाल। जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1,36,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को कोतवाली देवप्रयाग की टीम तीन धारा डंपिंग जोन के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन संख्या यूके08 टीए 9518 को रोककर तलाशी ली। वाहन से ओल्ड मोंक रम की 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
मौके से पुलिस ने वाहन चालक टीकम सिंह (23) पुत्र धन सिंह, निवासी शेरपुर, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है।
इस मामले में कोतवाली देवप्रयाग में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल भूपेंद्र और कांस्टेबल पवन आर्य शामिल रह
टिहरी पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


