मुख्यमंत्री धामी ने बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का जाना हाल, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानूदृमीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल हुए हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के यात्रियों का हाल-चाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अस्पताल में भर्ती घायलों से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम, संवेदनशील एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार द्वारा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर वहां उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का निःशुल्क एवं समुचित उपचार राज्य सरकार द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है।

