मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में ₹550 करोड़ की 107 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकुल मैदान, हरिद्वार में आयोजित विकास संकल्प पर्व में हिस्सा लेते हुए ₹550 करोड़ की लागत से जुड़ी 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा भी की, जिनमें सड़कों का चौड़ीकरण, पुल, स्वास्थ्य केंद्र, उच्चीकृत विद्यालय और जल निकासी जैसे कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के तहत कई लाभार्थियों को आर्थिक सहायता दी। इनमें स्वयं सहायता समूह, मत्स्य, कृषि, पशुपालन, बाल विकास और सहकारिता विभाग शामिल थे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को आवास की चाबी भी सौंपी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 जुलाई 2021 को उन्हें उत्तराखंड की सेवा का अवसर मिला था और वे अपने “विकल्प रहित संकल्प” के साथ प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हरिद्वार को काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य रूप देने की दिशा में कार्य हो रहा है। हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी योजना, रोपवे और हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं इस दिशा में चल रही हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG) इंडेक्स में देश में पहले स्थान पर है और बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण के साथ कई योजनाएं लागू की गई हैं जैसे मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना और मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।
उन्होंने मां गंगा के तट से यह संदेश दिया कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प सभी के सहयोग से अवश्य पूर्ण होगा।
कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने वाले प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

