राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर मुख्य सचिव नाराज़, लापरवाह अधिकारियों पर प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों की नई एवं गतिमान परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
मुख्य सचिव ने वर्ष 2022-23 में स्वीकृत पिथौरागढ़–बागेश्वर एनएच-309ए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण का प्रस्ताव अब तक भारत सरकार को न भेजे जाने पर असंतोष जताया। उन्होंने लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने मार्च 2024 में स्वीकृत काठगोदाम–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए वन एवं वन्यजीव स्वीकृतियों से संबंधित डेटा अपलोड में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिशासी अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की विभिन्न स्तरों पर नियमित निगरानी करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लंबित परियोजनाओं की समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं तथा सभी विभाग अपनी समस्याओं एवं मुद्दों को प्रमुखता से स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करें।
मुख्य सचिव ने विभिन्न सड़कों से संबंधित 3(जी) एवं 3(डी) की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में पेड़ कटान हेतु छपान एवं कटान की प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 दिसंबर तक कार्यवाही प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए परियोजनाओं का नियमित फॉलो-अप करने को कहा।
मुख्य सचिव ने गतिमान परियोजनाओं में भी तेजी लाने के निर्देश देते हुए एनएचएआई की कोटद्वार बाइपास, झाझरा–आशारोड़ी, हरिद्वार–नजीबाबाद तथा देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेस-वे की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री सी. रविशंकर, अपर सचिव श्री विनीत कुमार एवं पीसीसीएफ श्री एस.पी. सुबुद्धि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

