मुख्य सचिव की सख्ती: अप्रैल तक जिला योजना बैठकें अनिवार्य, कुंभ-2027 कार्यों में तेजी के निर्देश
देहरादून ।सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला योजना समितियों की बैठकें अप्रैल माह तक हर हाल में आयोजित की जाएं और इसके लिए प्रभारी मंत्रियों से तिथियां शीघ्र तय की जाएं।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को वनाग्नि और ग्रीष्मकालीन पेयजल समितियों की बैठकें जल्द आयोजित कर कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों के लिए शीघ्र शासनादेश जारी कर काम शुरू कराने को कहा।
बैठक में कुंभ क्षेत्र में यातायात, पार्किंग, रूट प्लान और जंक्शन सुधार पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने पूंजीगत कार्यों की स्वीकृतियां 30 मई तक जारी करने का लक्ष्य तय किया। एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने गैस सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस के क्रियान्वयन, फॉरेस्ट लैंड ट्रांसफर, जनगणना कार्य, किसान पंजीकरण और डिजिटल क्रॉप सर्वे में भी तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

