अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस की आक्रोश रैली, पुरानी सैन्य भर्ती व्यवस्था बहाल करने की उठी मांग

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में गुरुवार को देहरादून में अग्निवीर योजना के विरोध में आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रैली प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर घंटाघर, लैंसडाउन चौक और परेड ग्राउंड होते हुए पुनः कांग्रेस भवन पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने अग्निवीर योजना को वापस लेने, युवाओं के हितों की रक्षा करने तथा सेना की पारंपरिक भर्ती व्यवस्था को बहाल करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम के संयोजक एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि युवाओं के भविष्य और देश की सैन्य परंपरा को ध्यान में रखते हुए भर्ती व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
रैली में कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना, पार्टी प्रवक्ता अभिनव थपर, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, जसविंदर सिंह गोगी, अश्वनी बहुगुणा, सोनिया आनंद, सैनिक प्रकोष्ठ के गोपाल सिंह गड़िया, बलबीर सिंह पंवार, आर.पी. ध्यानी, सूरत सिंह नेगी, शेखर सकलानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

