देहरादून जिले में आधुनिक आउटलेट, कैफे और रेस्टोरेंट का निर्माण युद्धस्तर पर जारी
देहरादून।जनपद में स्वयं सहायता समूहों की आजीविका बढ़ाने और राज्य के स्थानीय उत्पादों के विपणन के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में आधुनिक आउटलेट, कैफे और रेस्टोरेंट खोलने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। जिलाधिकारी ने 22 नवंबर 2024 को आयोजित प्रजेंटेशन कार्यक्रम में इस योजना की जानकारी दी थी, और अब इसका निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
शुरुआती चरण में चार स्थानों – कचहरी परिसर, सुद्धोवाला (पंचायतघर के निकट), कोरोनेशन अस्पताल और गुच्चूपानी में आधुनिक आउटलेट, कैफे और रेस्टोरेंट खोले जा रहे हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से स्थानीय जनता को पौष्टिक भोजन और ऑर्गेनिक उत्पाद मिलेंगे, वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार और उनके उत्पादों के विपणन के लिए उचित प्लेटफॉर्म मिलेगा।
प्रत्येक आउटलेट में लगभग 25 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। कोरोनेशन अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को भोजन की सुविधा मिलेगी। कचहरी परिसर में एक आधुनिक आउटलेट से स्थानीय उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। सुद्धोवाला में आउटलेट और कैंटीन खुलने से पर्यटकों को सुविधा और स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा। गुच्चूपानी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर भी एक आउटलेट खोला जा रहा है, जिससे पर्यटकों को पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन और ऑर्गेनिक उत्पाद मिलेंगे।
डीएम सविन बंसल इससे पहले भी नैनीताल में जिलाधिकारी के रूप में आधुनिक किचन विकसित कर चुके हैं। अब देहरादून में यह योजना राज्य के पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत इस परियोजना को लागू किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि कचहरी परिसर, सुद्धोवाला, कोरोनेशन अस्पताल और गुच्चूपानी में यह कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

