राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को बुधवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी की मिसाल रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कहा कि सुशासन और लोकपाल जैसे विषयों को आगे बढ़ाने में खंडूरी का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूरी ने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में शुचिता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीर्थ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, अजय टम्टा सहित कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सेना के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

देवभूमि खबर

Related articles