कोटद्वार पुलिस का एक्शन: 24 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, नाबालिग संरक्षण में
कोटद्वार में बाइक चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक नाबालिग को संरक्षण में लिया है। चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
दिनांक 22 अप्रैल 2026 को रंजन नेगी निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी स्प्लेंडर बाइक संख्या RJ 13 SG 4526 को देवी मंदिर के पास से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। इस पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 95/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने त्वरित खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। प्रभावी चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को चोरी की स्प्लेंडर बाइक के साथ संरक्षण में लिया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने बाइक चलाने के शौक में मस्ती के लिए बिना अनुमति वाहन उठा लिया था।
पुलिस ने नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया है, जहां विधिक कार्यवाही जारी है

