जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की मासिक स्टाफ बैठक, राजस्व वसूली व कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश

Spread the love

रुद्रपुर। जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप जिलाधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय लगाकर लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले संग्रह अमीनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जबकि अच्छा कार्य करने वाले संग्रह अमीनों को सम्मानित भी किया जाए। बैठक में संग्रह अमीन गदरपुर सुरज सिंह बिष्ट को लम्बे समय तक अनुपस्थित रहने व कम राजस्व वसूली के कारण निलंबित करते हुए तहसील काशीपुर से संबद्ध किया गया, वहीं संग्रह अमीन कमला जोशी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई।

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को जनपद की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयों में अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पॉक्सो अधिनियम के 13 मामलों में से 12 मामलों में अभियुक्तों के बरी होने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पैरवीकर्ताओं से स्पष्टीकरण लेने तथा इन मामलों की विस्तृत समीक्षा के निर्देश अपर जिलाधिकारी को दिए गए।

जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रियल जांच समय से पूर्ण कराने, पुलिस व अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध मदिरा बिक्री, अवैध खनन व भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने और बाहरी राज्यों के टुक-टुक वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गुणवत्तापूर्ण राशन का समय पर वितरण, राशन कार्डों का सत्यापन, सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोग व न्यायालय से संबंधित प्रकरणों, ऑडिट आपत्तियों एवं पेंशन मामलों की रिपोर्ट समय से भेजने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतते हुए स्वयं शिकायतकर्ताओं से संवाद करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र सहित सभी उप जिलाधिकारी, विभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

अंकिता हत्याकांड की जांच भटकाने का प्रयास कर रही उत्तराखंड की भाजपा सरकार: कांग्रेस

Spread the loveनई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच को जानबूझकर भटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा सीबीआई जांच की घोषणा किए जाने के 15–17 दिन बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सरकार […]