डीएम-एसपी ने चिन्यालीसौड़ हवाईपट्टी पर राहत कार्यों का लिया जायजा

डीएम-एसपी ने चिन्यालीसौड़ हवाईपट्टी पर राहत कार्यों का लिया जायजा
Spread the love

उत्तरकाशी। जिले के हर्षिल और धराली क्षेत्र में हाल ही में आई आपदा के बाद से लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। आपदा से प्रभावित गांवों तक सड़क संपर्क बाधित होने के कारण खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति वायुसेना एवं ITBP की मदद से हेलीकॉप्टरों द्वारा की जा रही है। चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी और मातली कैंप से हेली सेवा के माध्यम से लगातार रसद भेजा जा रहा है।

आज  जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत आर्या एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का स्थलीय निरीक्षण कर राहत सामग्रियों की आपूर्ति व वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों व बचावकर्मियों से राहत सामग्री के भंडारण, रख-रखाव और प्रभावित गांवों तक त्वरित वितरण के विषय में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर खाद्यान्न और जरूरी सामग्री पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

आपदा के बाद से ही उत्तरकाशी पुलिस, प्रशासन, ITBP और बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। धराली और हर्षिल के आसपास के गांवों में राहत टीमें घर–घर जाकर प्रभावित लोगों को खाद्यान्न और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करा रही हैं।

सड़क मार्ग बाधित होने के कारण भारतीय वायुसेना के चिनूक, एमआई-17 और एएलएच हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है, जिनसे लगातार हर्षिल और धराली क्षेत्र में खाद्यान्न, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्राथमिकता के साथ जारी रखा जाएगा और किसी भी गांव को राहत सामग्री से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles