नेहरू कॉलोनी चोरी मामले में फरार 10,000 रुपये का इनामी गैंगस्टर दून पुलिस द्वारा गिरफ्तार, चोरी का पीला धातु माल बरामद
देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में फरार चल रहे 10,000 रुपये के इनामी गैंगस्टर राजन सिंह को दून पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहा था, जबकि इसी मामले में पुलिस दो अभियुक्तों को पहले ही जेल भेज चुकी है। घटना 15 सितंबर 2025 की है जब वादी प्रमोद त्यागी निवासी अशोक विहार ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी कार से नगदी तथा सोना-चांदी का सामान चोरी कर लिया गया है, जिस पर थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 325/25 धारा 305(a) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आए गैंग के सरगना विनय त्यागी पर विभिन्न प्रदेशों में लगभग तीन दर्जन मुकदमे पंजीकृत पाए गए थे, जिसे उसके दो साथियों सहित पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जिसके बाद थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 357/25 धारा 2/3 गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत भी अभियोग दर्ज किया गया। घटना में प्रकाश में आया अभियुक्त राजन सिंह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था, जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें लगाई गईं, जिन्होंने लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए सुरागरसी-पतारसी तेज रखी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के लगातार प्रयासों का परिणाम 22 नवंबर 2025 को सामने आया जब मुखबिर की सूचना पर मेरठ में दबिश देकर पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त राजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जिसके कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के पाँच सिक्के बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी राजन सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी 180C/1 सी ब्लॉक जागृति विहार थाना मेडिकल मेरठ उत्तर प्रदेश उम्र 37 वर्ष है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में SI प्रवीन पुंडीर चौकी प्रभारी बाईपास देहरादून, कांस्टेबल श्रीकांत ध्यानी, बृजमोहन रावत, हितेश चौधरी तथा SOG टीम से SI संदीप लोहान, कांस्टेबल ललित और विपिन शामिल रहे।

