डॉ ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही डॉ. बिसेन ने प्रदेश के नौवें राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाल लिया।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर 2026 को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। वह पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे।
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता डॉ. बिसेन पूर्व विधायक, कैबिनेट मंत्री और लोकसभा सांसद रह चुके हैं। उनके राज्यपाल पद की शपथ लेने के साथ ही उत्तराखंड में नई संवैधानिक जिम्मेदारी की शुरुआत हुई है।


