HTML tutorial
HTML tutorial

डॉ. धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

डॉ. धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। नॉर्दर्न रीजन से उनका निर्वाचन हुआ है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार उत्तराखंड को इस महत्वपूर्ण पद पर नेतृत्व करने का अवसर मिला है। इसे प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

डॉ. रावत को यह जिम्मेदारी नॉर्दर्न रीजन से मिली है, जिसमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर सहित आठ राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, नॉर्दर्न रेलवे, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे का भी इस क्षेत्र में प्रतिनिधित्व है।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए कई पहल की हैं। उनके प्रयासों से राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड इकाइयों की स्थापना तथा युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया है।

स्काउट-गाइड आंदोलन में उनके योगदान के लिए डॉ. रावत को संगठन के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर डॉ. धन सिंह रावत ने इसे गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के स्काउट-गाइड परिवार और प्रदेशवासियों को समर्पित है। स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, एकता, सेवा भावना और देशभक्ति विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।

देवभूमि खबर

Related articles