राकेश राणा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का महासचिव बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह

राकेश राणा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का महासचिव बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
Spread the love

टिहरी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश महासचिव नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए नवनियुक्त प्रदेश महासचिव राकेश राणा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राकेश राणा का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वर्ष 1995 में एनएसयूआई से जुड़ने के बाद उन्होंने छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और लगातार दो बार गढ़वाल विश्वविद्यालय परिसर टिहरी के छात्र संघ नेता चुने गए। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस और कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राकेश राणा दो बार जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष, एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा करीब नौ वर्षों तक युवा कल्याण विभाग टिहरी के अध्यक्ष रहे और दो बार प्रतापनगर से क्षेत्र पंचायत सदस्य भी निर्वाचित हुए।
राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के साथ राकेश राणा लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहे हैं। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और राज्य आंदोलनकारियों के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाई। वर्तमान में वे उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच टिहरी गढ़वाल के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पहाड़, ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को भी वे लगातार उठाते रहे हैं।
राणा ने उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं चुनावी अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी की है। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों का उन्हें लंबा अनुभव है। वे शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं को पहाड़ के विकास की प्रमुख प्राथमिकताएं मानते हैं।

उनकी नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस, जिला कांग्रेस और प्रदेश संगठन तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के कारण उन्हें संगठन की जमीनी परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं की अच्छी समझ है।

नवनियुक्त प्रदेश महासचिव राकेश राणा ने नियुक्ति पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।

देवभूमि खबर

Related articles