एफडीए का बड़ा एक्शन, दूध-पनीर समेत खाद्य पदार्थों के लिए नमूने

एफडीए  का बड़ा एक्शन, दूध-पनीर समेत खाद्य पदार्थों के लिए नमूने
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, दुग्ध प्रतिष्ठानों और अन्य खाद्य कारोबारियों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, लाइसेंस, कच्चे माल के स्रोत, खरीद बिल, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच की गई। इस दौरान गंभीर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर तीन रेस्टोरेंट को मौके पर ही बंद कराया गया, जबकि दूध, पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर विभागीय टीमों ने अभियान चलाया। अभियान में विशेष रूप से दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता तथा उनके स्रोत की जांच पर फोकस किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, अनधिकृत दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल और स्वच्छता मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि टीम ने होटल मधुवन, जेएसआर और फाइव स्टार होटल सरोवर पोर्टिको के किचन एवं स्टोर का निरीक्षण किया। खाद्य सामग्री के स्रोत, खरीद बिल, लेबलिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि और पैकेजिंग की जांच की गई। स्टोर में रखी पैक्ड इमली की लेबलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर निर्माता को नोटिस जारी किया गया। वहीं तैयार दाल के दो और चीज का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

राजपुर रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के बाहर संचालित रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण किया गया। दो रेस्टोरेंट के किचन में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलीं। खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार होने तक इन्हें बंद रखने के निर्देश दिए गए। एक रेस्टोरेंट से खुले पनीर का नमूना लेकर उसकी गुणवत्ता और वास्तविक घटकों की जांच के लिए भेजा गया।

एक अन्य प्रतिष्ठान में वैध खाद्य लाइसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं था और किचन में भी गंभीर गंदगी मिली। नियमों का पालन होने तक खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर राजीव पुत्र दरवारी लाल, गढ़वाल भोजनालय और लजीज काठी रोल नामक तीन रेस्टोरेंटों को मौके पर बंद कराया गया।

सुबह वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम नेहरू ग्राम और छह नंबर पुलिया क्षेत्र स्थित दुग्ध प्रतिष्ठानों में पहुंची। संदेह के आधार पर मौके से दूध और पनीर के नमूने लिए गए। विभाग के अनुसार सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में गुणवत्ता में कमी अथवा मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मिलावट या अनधिकृत खाद्य उत्पादों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रह और अभियान की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और विशेष रूप से उन खाद्य प्रतिष्ठानों पर निगरानी रखी जाएगी, जहां बड़ी संख्या में लोगों को भोजन परोसा जाता है।

अभियान में उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष कुमार सिंह और संजय तिवारी सहित विभागीय टीमें शामिल रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles