यूजेवीएनएल में अधिकारियों और कार्मिकों को मिली पदोन्नति, छह वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड में अधिकारियों से लेकर कार्मिकों तक को पदोन्नति का तोहफा मिला है। मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन एवं यूजेवीएन लिमिटेड के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय चयन समिति की बैठक में अधिशासी निदेशक, महाप्रबंधक एवं उपमहाप्रबंधक के पदों पर पदोन्नतियां प्रदान की गईं।
विभागीय चयन समिति में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार, यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक मानव संसाधन आशीष जैन तथा निदेशक परिचालन, यूपीसीएल मदन राम आर्य शामिल रहे।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि चयन समिति ने संजय पटेल को अधिशासी निदेशक (परिचालन एवं अनुरक्षण), नरेश चंद्र खुल्बे को महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक), धर्मेंद्र सिंह को महाप्रबंधक (सिविल), हरीश धपोला एवं पंकज कुमार को उपमहाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) तथा शशिकांत को उपमहाप्रबंधक (सिविल) के पद पर पदोन्नति प्रदान की है।
इसके अतिरिक्त सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता के पद पर दो अभियंताओं को भी पदोन्नति दी गई है। साथ ही यूजेवीएन लिमिटेड के 24 अन्य कार्मिकों के भी पदोन्नति आदेश जारी किए गए हैं।
मुख्य सचिव एवं यूजेवीएन लिमिटेड के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम और प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी और कार्मिक नई जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए यूजेवीएन लिमिटेड को ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।
यूजेवीएन लिमिटेड परिवार ने भी सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य तथा नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना की।

