सीएमओ कार्यालय चमोली में चला विशेष सफाई अभियान, स्वच्छता को दैनिक व्यवहार बनाने का आह्वान
चमोली। माननीय उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा पारित 22 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में जनपद चमोली में स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से विभागवार निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल की अगुवाई में आयोजित अभियान के दौरान कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा एकत्र कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण किया गया।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति आमजन को भी जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से कार्यालय परिसर में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। स्वच्छ कार्यालय परिसर से कार्य वातावरण बेहतर होता है और आमजन के बीच भी स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश जाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी स्वच्छता अभियान का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सफाई अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्ण मनोयोग से सहभागिता की।

