तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही हुई सुचारु

चमोली,। नीती घाटी में भारी बारिश के चलते तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह गया था, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के त्वरित प्रयासों से तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार कर लिया गया है। इसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है।
मार्ग बहाली के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार जुटी रहीं और युद्धस्तर पर कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल की गई। अस्थाई मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू होने से स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता एक व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। नदी तटों और संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात रेस्क्यू एवं राहत टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि अस्थाई मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

