पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Spread the love

हरिद्वार। जनपद के बहादराबाद क्षेत्र में एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां बहुचर्चित शांतरशाह सामूहिक दुष्कर्म और हत्या प्रकरण में मृतका की मां से न्याय दिलाने के नाम पर ₹3,20,000 की ठगी की गई। आरोपी को भीम आर्मी का नेता बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मामला 24 जून 2024 का है, जब बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह इलाके में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई थी। मृतका की मां की शिकायत पर थाना बहादराबाद में मामला दर्ज किया गया, जिसमें पुलिस ने 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को सहायता राशि के रूप में करीब ₹8 लाख दिए गए थे। इसी बीच, बहादरपुर सैनी, हरिद्वार निवासी नीरज नाम के व्यक्ति ने मृतका की मां को झांसा दिया कि वह इस मामले में सभी दोषियों को सजा दिलाने में मदद करेगा। इसी बहाने आरोपी ने महिला से ₹3,20,000 ठग लिए। जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने उसे धमकी देना शुरू कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना बहादराबाद में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की तैयारी में है।

देवभूमि खबर

Related articles