विश्व पर्यावरण दिवस पर हिमालयन हेरिटेज सोसायटी का पौधारोपण अभियान, संरक्षण का लिया संकल्पन्यूज:

Spread the love

देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिमालयन हेरिटेज सोसायटी द्वारा रिंग रोड एवं बद्रीश कॉलोनी क्षेत्र में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में सोसायटी के पदाधिकारियों, युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। सोसायटी के सचिव रजनीश कौंसवाल ने कहा कि संस्था पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। पौधारोपण और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पेड़ों को बचाना भविष्य की पीढ़ियों की सांसों को सुरक्षित करने के समान है। पेड़ों से वैश्विक उष्णता को कम करने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा हरियाली और खुशहाली बढ़ाने में मदद मिलती है।

पार्षद कमली भट्ट ने कहा कि पेड़ पर्यावरण का आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी।

कार्यक्रम संयोजक एवं बाल साहित्यकार इंजी. ललित शौर्य ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विपिन दिवाकर नौटियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

देवभूमि खबर

Related articles