विश्व पर्यावरण दिवस पर दून विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण, सांसद त्रिवेंद्र रावत ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दून विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद Trivendra Singh Rawat तथा कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सतत दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, वायु एवं जल प्रदूषण तथा प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को मानवता के समक्ष गंभीर चुनौती बताते हुए इनके समाधान के लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसे प्रयासों को जन आंदोलन का स्वरूप देना होगा। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन को अपनाने और पर्यावरणीय जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधन अध्ययन स्कूल तथा डॉ. नित्यानंद हिमालयन शोध एवं अध्ययन केंद्र जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण, हिमालयी पारिस्थितिकी और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग जैसे विषयों पर गंभीर शोध कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल अकादमिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और मानवता के समक्ष उपस्थित चुनौतियों के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एच.सी. पुरोहित ने किया।
इस अवसर पर कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, प्रो. आर.पी. मंमगाई, प्रो. कुसुम अरुणाचलम्, प्रो. हर्ष डोभाल, प्रो. चेतना पोखरियाल, प्रो. एस.एस. सुथार, लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी, केदारपुरम पार्षद रोशन लाल बिंजोला सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

