गर्भाशय कैंसर से बचाव की दिशा में बड़ा कदम, 28 फरवरी से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू
देहरादून।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं में होने वाला गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर अब लाइलाज नहीं है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका शुभारम्भ आगामी 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अजमेर से किया जाएगा। राज्य सरकार ने भी प्रदेशभर में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश की महिलाओं और बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के खतरे से सुरक्षित करने के लिए वृहद स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग की शत-प्रतिशत बालिकाओं को एचपीवी का निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक यह टीका निजी अस्पतालों में लगभग 4 हजार रुपये प्रति डोज की कीमत पर उपलब्ध था, लेकिन अब भारत सरकार द्वारा इसे पात्र बालिकाओं को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
डाॅ. रावत ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों एवं ब्लॉकों में पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। विभागीय अधिकारियों को वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कोल्ड-चेन प्रणाली को सुदृढ़ रखने तथा रिपोर्टिंग सिस्टम को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि टीकाकरण सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में 155 टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां 14 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने अभिभावकों, शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन समितियों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों और समाज के जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और प्रत्येक पात्र बालिका के टीकाकरण को सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि प्रदेश की हर बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच का लाभ उठा
