दहेज हत्या मामले में पति और ननद गिरफ्तार,मृतका की मां की शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल

दहेज हत्या मामले में पति और ननद गिरफ्तार,मृतका की मां की शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर  पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल
Spread the love

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में दहेज हत्या के चर्चित मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्रीमती सीमा कण्डारी, निवासी श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में पति, सास और ननद पर सृष्टि की हत्या का आरोप लगाया गया।

शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मु0अ0सं0 223/2026 के तहत धारा 80(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने वादिनी तथा अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे मृतका ने घटना से पहले भेजा था। वीडियो में उसने विवाह के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

साक्ष्यों के आधार पर 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोहर सिंह रावत, महिला उपनिरीक्षक नीमा रावत, कांस्टेबल हरीश उप्रेती, कांस्टेबल लाखन सिंह एवं महिला कांस्टेबल रचना रावत शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles