कैंट विधानसभा में SIR नोटिसों पर कांग्रेस सक्रिय, 47,711 मतदाताओं को हर बूथ पर मिलेगी सहायता

कैंट विधानसभा में SIR नोटिसों पर कांग्रेस सक्रिय, 47,711 मतदाताओं को हर बूथ पर मिलेगी सहायता
Spread the love

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने विजय पार्क में बैठक कर SIR नोटिसों के समाधान और पात्र मतदाताओं के सहयोग का दिया भरोसा

देहरादून।  प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने देहरादून की कैंट विधानसभा के विजय पार्क क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जारी नोटिसों के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की।

बैठक में बीएलओ, क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए SIR नोटिसों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने, दस्तावेजी प्रक्रिया को सरल बनाने तथा नोटिसों के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने बताया कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में लगभग 47,711 मतदाताओं को SIR के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में जारी नोटिसों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर पहुंचकर प्रभावित मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन, दस्तावेजी सहायता और हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित और सही होना आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस अभियान के माध्यम से हर बूथ पर मतदाताओं की समस्याओं के समाधान का प्रयास करेगी।

बैठक में कांग्रेस नेता अमन बत्रा, क्षेत्रवासी, बीएलओ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों का सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles