केदारनाथ धाम में आधुनिक अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह अस्पताल यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक प्रदेश में लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। साथ ही प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में आशा नौटियाल ने अस्पताल को सेवा और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर संजय खन्ना, डॉ. कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी, हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित

