चिन्यालीसौड़ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं
उत्तरकाशी। पुष्कर सिंह धामी ने विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित यह अभियान आमजन को राहत पहुंचाने के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुगम और पारदर्शी बना रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 40 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े, इसलिए गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवा के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू की जाएगी, जिन्हें सेना के माध्यम से संचालित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा प्रारंभ होगी, जिसकी तैयारियां पहले से शुरू कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि यात्रा संचालन में स्थानीय हितधारकों, तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों और परिवहन संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब तक दो लाख से अधिक “लखपति दीदी” को सशक्त किया जा चुका है।
स्थानीय मांगों पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ एवं महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। संयुक्त टीमें ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रही हैं तथा शेष मामलों को ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के साथ निस्तारित किया जाएगा।
कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दायित्वधारी रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
