एसएसपी सर्वेश पंवार ने मासिक अपराध गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश, उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित

Spread the love

पौड़ी।सर्वेश पंवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी की अध्यक्षता में 19 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन पौड़ी में जनवरी माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता पर विस्तृत समीक्षा की गई। गोष्ठी में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

अपराध विश्लेषण के आधार पर सभी थानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, गिरफ्तारी प्रतिशत बढ़ाने, महिला एवं बाल सुरक्षा मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष निर्देश दिए गए। यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने, न्यायालयीय वारंटों की तामिली में तेजी लाने, बीट पुलिसिंग को जवाबदेह बनाने और जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया गया।

मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्रैकडाउन” वेरिफिकेशन ड्राइव को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से अभियान की निगरानी करते हुए सघन सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।

सीसीटीवी व्यवस्था में लापरवाही पर जवाबदेही
ज्वैलर्स, बैंक एवं बड़े प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी सत्यापन के बाद भी किसी घटना के दौरान फुटेज या व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

किसी भी आपराधिक घटना पर संबंधित क्षेत्राधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए गए।

एनडीपीएस मामलों में त्वरित विवेचना, सक्रिय अपराधियों की निगरानी एवं डिजिटल प्रोफाइलिंग को अद्यतन रखने पर बल दिया गया, ताकि नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

महिला व बाल अपराधों में शून्य सहनशीलता
महिला एवं बाल अपराधों में तत्काल एफआईआर, तकनीकी संसाधनों के उपयोग, सीसीटीवी विश्लेषण, सर्विलांस एवं अन्य राज्यों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एएचटीयू व सीआईयू की सराहना करते हुए गुमशुदा मामलों में और अधिक सक्रियता लाने को कहा गया।

मालखाना में रखे माल के पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण तथा एम-मालखाना पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टि अनिवार्य की गई। जमीनी विवाद मामलों में क्षेत्राधिकारी जांच के उपरांत ही वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

साइबर मामलों में डिजिटल साक्ष्य संकलन, बैंक खातों को फ्रीज कराने व अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा के तहत ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में निगरानी, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, स्टंटबाजी व ओवरलोडिंग पर सख्त चालानी कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जनवरी माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिस कर्मियों को एसएसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सभी अधिकारियों को निष्ठा व सक्रियता के साथ जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

सम्मानित कार्मिकों में उपनिरीक्षक रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक राजेश असवाल, उपनिरीक्षक मुकेश भट्ट, महिला उपनिरीक्षक सुमनलता, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली, अपर उपनिरीक्षक निजाम अली, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी हरीश लिंगवाल, मुख्य आरक्षी शम्भू प्रसाद, मुख्य आरक्षी उमेश सिंह, मुख्य आरक्षी शुभम कुमार (संचार), आरक्षी गम्भीर सिंह, आरक्षी मनोज बमशुवाल, आरक्षी मुकेश आर्या, आरक्षी राजेश असवाल, आरक्षी सुन्दर लाल, आरक्षी बलवन्त, आरक्षी भगतदास, आरक्षी चन्द्रपाल, महिला आरक्षी विद्या मेहता, महिला आरक्षी नेहा तथा होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे। उन्होंने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ जनपद में शांति व कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी सदर तुषार बोरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

एसपी कमलेश उपाध्याय ने मासिक अपराध गोष्ठी में नशा उन्मूलन व अपराध नियंत्रण के दिये निर्देश, 16 पुलिसकर्मी किए सम्मानित

Spread the love उत्तरकाशी।कमलेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी ने आज कोतवाली धरासू में अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की मासिक अपराध गोष्ठी/सैनिक सम्मेलन आयोजित किया । सम्मेलन में सर्वप्रथम कर्मियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया तथा पूर्व में प्राप्त समस्याओं […]