राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देहरादून के 10 खिलाड़ी चयनित
देहरादून।पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के लिए गर्व का अवसर है। विद्यालय के 10 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इन खिलाड़ियों ने हाल ही में लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय की अंडर-14 बालिका टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया, वहीं अंडर-17 बालिका टीम उपविजेता रही। इन उत्कृष्ट प्रदर्शनों के आधार पर खिलाड़ियों का SGFI टूर्नामेंट हेतु चयन हुआ है।
चयनित खिलाड़ी अंडर-14 बालिका वर्ग: दिया रावत, श्रेया पंत, अंशिका नेगी, मिट्ठी रानी, अंशिका
अंडर-17 बालिका वर्ग: तेजस्वी पंवार, अदिति पंवार, प्रियांशी, इशिका
अंडर-17 बालक वर्ग: आशीष सेमवाल
ये सभी खिलाड़ी पीएम श्री के.वी. सीआरपीएफ, राँची में आयोजित 13 से 17 दिसंबर तक चलने वाले 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके बाद SGFI का मुख्य टूर्नामेंट 18 से 22 दिसंबर 2025 तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राँची (झारखंड) में आयोजित होगा।
विद्यालय के कोच श्री अजय गुसाईं खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं, जबकि अनुरक्षक के रूप में श्रीमती कविता जिंदे एवं श्रीमती भावना दल साथ हैं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री माम चन्द जी ने खिलाड़ियों, कोच एवं अनुरक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं देहरादून का नाम और भी ऊँचा करेंगे।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

