अंधेरी रात में खाकी की रोशनी: खाई में गिरे वाहन से चार घायलों को बचाया -पौड़ी पुलिस बनी देवदूत

अंधेरी रात में खाकी की रोशनी: खाई में गिरे वाहन से चार घायलों को बचाया -पौड़ी पुलिस बनी देवदूत
Spread the love

पौड़ी। अंधेरी रात, कठिन पहाड़ी रास्ता और गहरी खाई — लेकिन जब फर्ज़ निभाने की बात आई तो पौड़ी पुलिस के जवान पीछे नहीं हटे। देवभूमि की खाकी ने एक बार फिर मानवता और साहस की मिसाल पेश की।

दिनांक 28 अक्टूबर 2025 की रात थाना कोटद्वार को सूचना मिली कि चरेख गाँव से पहले एक ट्राइबर वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही कोटद्वार पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घने अंधेरे और दुर्गम भू-भाग में जवानों ने केवल टोर्च की हल्की रोशनी और अपने अदम्य साहस के सहारे खाई में उतरकर राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाते हुए टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से राजकीय अस्पताल कोटद्वार पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

घायलों की पहचान आमिर पुत्र निसार निवासी रमपुरा नजीबाबाद बिजनौर (उ.प्र.) उम्र 25 वर्ष, सलमान पुत्र हबीब अहमद निवासी सरवर कॉलोनी नजीबाबाद उम्र 26 वर्ष, नदीम अंसारी पुत्र अनीस निवासी अमान नगर नजीबाबाद बिजनौर तथा अमान पुत्र फैजल निवासी रमपुरा कॉलोनी नजीबाबाद उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।

पौड़ी पुलिस की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदना ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि खाकी सिर्फ कानून की रक्षक नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची प्रहरी भी है।

देवभूमि खबर

Related articles