एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा को नैनीताल पुलिस ने दी भावभीनी विदाई, शानदार नेतृत्व के लिए तहेदिल से किया धन्यवाद

एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा को नैनीताल पुलिस ने दी भावभीनी विदाई, शानदार नेतृत्व के लिए तहेदिल से किया धन्यवाद
Spread the love

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रह्लाद नारायण मीणा (IPS) को भावभीनी विदाई दी। उत्तराखंड गृह विभाग द्वारा श्री मीणा को एसएसपी नैनीताल के पद से कार्यमुक्त कर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता मुख्यालय देहरादून की नई जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित विदाई समारोह में नैनीताल पुलिस परिवार ने उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासित कार्यशैली और टीम भावना के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

अपने कार्यकाल के दौरान एसएसपी मीणा ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, और जनसंपर्क के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी का चरित्र उसकी रैंक से नहीं, बल्कि उसकी सोच और उसके जज़्बे से बनता है। उन्होंने अधीनस्थों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस पद और जिम्मेदारी पर हैं, उसमें केंद्रित होकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें।

एसएसपी मीणा के कार्यकाल में नशामुक्त अभियान को गति मिली। इस दौरान पुलिस ने 1130 तस्करों को गिरफ्तार किया तथा 1.22 करोड़ की अवैध शराब, 10 करोड़ की स्मैक, 11.2 करोड़ की चरस, 1.46 करोड़ का गांजा और 10 लाख के अवैध इंजेक्शन बरामद किए। साथ ही जनजागृति कार्यक्रमों और सेमिनारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। बनभूलपुरा हिंसा के दौरान उनके कुशल नेतृत्व में पुलिस ने प्रभावी कानून व्यवस्था स्थापित की और हिंसा के मास्टरमाइंड सहित 100 से अधिक दंगाइयों को गिरफ्तार किया।

उनके कार्यकाल में जनपद में लोकसभा एवं निकाय चुनावों का शांतिपूर्ण संचालन, 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन और वीवीआईपी दौरों का सुचारू प्रबंधन किया गया। अपराध नियंत्रण में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई, जिसमें हत्या, लूट, फर्जी सोना गिरवी रखकर बैंकों को ठगने वाले गिरोह और नकली नोट नेटवर्क का पर्दाफाश शामिल रहा। साइबर अपराधों और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई उनकी प्राथमिकता में रही।

महिला सुरक्षा और जनसुरक्षा के लिए ऑपरेशन रोमियो के माध्यम से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया। दृष्टिबाधित बच्ची से दुष्कर्म मामले में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर न्याय सुनिश्चित किया गया। इसी प्रकार गोलपार ब्लाइंड स्कूल और ज्योलीकोट होटल के अवैध गतिविधियों के मामलों में भी पुलिस ने निर्णायक कदम उठाए।

हल्द्वानी शहर को आधुनिक निगरानी व्यवस्था से जोड़ते हुए उन्होंने सीसीटीवी आधारित कमांड एवं कंट्रोल रूम की स्थापना कर शहर की सुरक्षा को और सुदृढ़ किया। जनसंवाद कार्यक्रम, ई-चौपाल और सोशल मीडिया लाइव सत्रों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने अधीनस्थों के मनोबल को बढ़ाने के लिए नियमित रूप से उनके कार्यों की सराहना की और बेहतर स्वास्थ्य के लिए मानसिक स्वास्थ्य व ध्यान से जुड़े सेमिनार आयोजित कराए।

विदाई समारोह के दौरान नैनीताल पुलिस के अधिकारियों और कर्मियों ने मोमेंटो भेंट कर उनके सरल स्वभाव और प्रेरणादायक नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अपने संबोधन में श्री मीणा ने नैनीताल पुलिस की पूरी टीम, जनपद की सम्मानित जनता और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रखें और ड्रग फ्री देवभूमि बनाने में योगदान दें।

इसी अवसर पर एसपी सिटी हल्द्वानी श्री प्रकाश चंद्र को भी नैनीताल पुलिस ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल, सीओ नैनीताल श्री अमित कुमार, सीओ रामनगर श्री सुमित पांडे, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles