महिला समूहों ने केदारनाथ यात्रा में किया करीब 1 करोड़ का कारोबार, 500 से अधिक महिलाओं को मिला रोजगार
रूद्रप्रयाग।इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम यात्रा जनपद की मातृशक्ति के लिए आर्थिक और सामाजिक उन्नति का स्रोत साबित हुई। विभिन्न महिला समूहों ने यात्रा मार्ग पर स्थानीय उत्पादों का विक्रय कर करीब 1 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जिससे 500 से अधिक महिलाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के विशेष प्रयासों के परिणामस्वरूप पहली बार यात्रा मार्ग पर आंचल डेयरी के सात आउटलेट खोले गए, जो महिला समूहों और स्थानीय लोगों को रोजगार का एक प्रमुख साधन बने। इन आउटलेट्स पर 20 लाख रुपए से अधिक का व्यापार हुआ, जिसमें विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों का योगदान रहा।
महिला समूहों ने इस यात्रा के दौरान महाप्रसाद, धूप, चूरमा, बेलपत्री, शहद, जूट और रेशम के बैग जैसे उत्पादों की बिक्री से आय अर्जित की। इन उत्पादों की मांग तीर्थ यात्रियों में बढ़ी, जिससे स्थानीय महिलाओं को अपनी आय में वृद्धि का अवसर प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त, सरस रेस्तरां, हिलांस कैफे और नवकिरण बेकरी जैसे आउटलेट्स पर भी स्थानीय महिलाओं द्वारा संचालित विक्रय गतिविधियों के माध्यम से 10 लाख रुपए से अधिक का व्यापार हुआ।
गंगा दुग्ध उत्पादक संघ की अध्यक्ष घुंघरा देवी के नेतृत्व में 100 कुंतल चोलाई के लड्डू और चूरमा का उत्पादन किया गया, जो केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बिके और 25 लाख रुपए का व्यापार हुआ। संघ ने 60 से अधिक महिलाओं को रोजगार प्रदान किया, जिसमें से 30 महिलाएं एनआरएलएम के तहत गठित समूहों के माध्यम से जुड़ी हुई हैं। महिलाओं को प्रतिदिन 300 रुपए मेहनताना और समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उनके स्वरोजगार को बढ़ावा मिला। इसी तरह अन्य महिला समूहों ने चैलाई और बेलपत्री जैसे उत्पादों की बिक्री से किसानों को भी लाभ पहुंचाया।
रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर (आरबीआई) परियोजना के अंतर्गत, ऊखीमठ में हिमालय स्वयं सहायता समूह द्वारा शिलाजीत का उत्पादन किया गया, जिसने इस यात्रा सीजन में 2 लाख रुपए का व्यापार किया। वहीं, स्वास्तिक महिला स्वयं सहायता समूह ने चारधाम थीम वाले तोरण तैयार कर बेचने से 5 लाख रुपए की आय अर्जित की। इसके अलावा, महिला समूहों ने धूप, चूरमा, बेलपत्री, शहद, जूट और रेशम के बैग जैसी अन्य सामग्री बेचकर कुल 10 लाख रुपए का व्यापार किया।
जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के माध्यम से महिला समूहों को रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (आरईएपी), और अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। इस पूरी पहल ने न केवल जनपद की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार किया है बल्कि उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर महिलाओं की इस सक्रियता ने क्षेत्र में स्थायित्व और सामाजिक विकास की नई मिसाल पेश की है।


