देहरादून में राज्य का पहला डेडिकेटेड कम्प्यूटर कियोस्क, बिचौलियों का असर होगा खत्म
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल ने भूमि धोखाधड़ी रोकने और जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व बढ़ाने के लिए जनता के साथ धोखाधड़ी की कोई छूट नहीं दी जा सकती। राज्य का पहला डेडिकेटेड कम्प्यूटर कियोस्क स्थापित कर आम जनता को भूमि से संबंधित जानकारी मुहैया कराई जाएगी, जिससे दलालों के प्रभाव को कम किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कार्यालय की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भूमि क्रय-विक्रय से पहले खतौनी, दाखिला चेक और आईडी जांच अनिवार्य की जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कियोस्क के माध्यम से ई-रजिस्ट्रेशन वेबसाइट पर भूमि से संबंधित जानकारी सामान्य नागरिकों के लिए उपलब्ध होनी चाहिए ताकि वे धोखाधड़ी से बच सकें।
इस कियोस्क के माध्यम से दलालों और बिचौलियों की चैन टूटेगी और जनता सीधे वेबसाइट से भूमि के रिकॉर्ड देख सकेगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रजिस्ट्रेशन से पहले महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान दिलाने के लिए कार्यालयों में जागरूकता फ्लैक्स लगाए जाएं।
डीएम बंसल ने कहा कि भूमि धोखाधड़ी का एक बड़ा कारण जनता को रजिस्ट्री और भूमि रिकॉर्ड की पूर्व जानकारी न होना है। उन्होंने जन सूचना गैप को कम करने और जनमानस को सूचित करने के लिए मजबूत प्रणाली स्थापित करने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे आधी-अधूरी जानकारी लेकर बैठक में न आएं और भविष्य में पूरी तैयारी के साथ बैठक में आएं। साथ ही, उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर तैयारियों के साथ पुनः बैठक आयोजित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कलक्ट्रेट के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता स्लोगन वाले फ्लैक्सी लगाए जाएं, ताकि जनमानस भूमि खरीदने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त कर सके।
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, उप जिलाधिकारी शालिनी नेगी, एआईजी स्टाम्प, सब रजिस्ट्रार और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


