उत्तराखंड में पुरानी बसें बनेंगी इलेक्ट्रिक, परिवहन मंत्री ने चार्जिंग स्टेशन और रेट्रोफिट योजना पर की समीक्षा

देहरादून।प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधानसभा स्थित सभागार में परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया।
बैठक में सन मोबिलिटी और मेगा निर्माणन इंडस्ट्रीज के साथ उत्तराखंड परिवहन निगम की आउटडेटेड बसों को रेट्रोफिट तकनीक के माध्यम से इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई। परिवहन मंत्री ने कहा कि पुरानी बसों को आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों में बदलने की यह पहल प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
उन्होंने बताया कि सन मोबिलिटी कंपनी ने पुरानी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने का प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि मेगा निर्माणन इंडस्ट्रीज ने प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। मंत्री ने कंपनी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर विभागीय अधिकारियों के साथ साझा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में लाइव लोकेशन, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। मंत्री ने कहा कि इन तकनीकों के माध्यम से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक में राज्य स्तरीय परिवहन प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय अरोड़ा, परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, अपर आयुक्त एस.के. सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

