HTML tutorial
HTML tutorial

राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर उत्तराखण्ड जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ कम्युनिकेशन ने आयोजित की विचार गोष्ठी, पत्रकारिता की मर्यादा और निष्पक्षता पर दिया जोर वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता के बदलते

Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ कम्युनिकेशन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंघल के नेतृत्व में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, बदलती चुनौतियों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारों की नैतिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार वीके शर्मा ने पत्रकारिता के वर्तमान और भविष्य के स्वरूप पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में व्यापक बदलाव आया है। बदलती परिस्थितियों में पत्रकारों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं, ऐसे में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और विश्वसनीयता को बनाए रखना आवश्यक है।

संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष एमएम जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप काफी बदल गया है। पत्रकारिता की लेखनी में वर्तमान परिस्थितियों और जनसरोकारों को लेकर गंभीरता दिखाई देनी चाहिए। पत्रकारों को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनमोहन बधानी ने कहा कि पत्रकारों को अपनी मर्यादाओं का पालन करते हुए पत्रकारिता करनी चाहिए। एक पत्रकार की पहचान उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और साफ-सुथरी लेखनी से होती है। पत्रकारिता की सार्थकता तभी बनी रह सकती है, जब खबरों में तथ्यों और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

संगठन के महासचिव अखिलेश व्यास ने कहा कि प्रेस को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है, लेकिन इस स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी और मर्यादा का पालन भी जरूरी है। पत्रकारों को अपनी लेखनी में संयम बरतते हुए तथ्यों और वास्तविकता को प्रमुखता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खबरों को प्रस्तुत करते समय कई बार मर्यादाओं और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों की अनदेखी देखने को मिलती है। ऐसी स्थिति में पत्रकारों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंघल ने पत्रकारिता के महत्व और उसकी सामाजिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। समाज की समस्याओं को सामने लाना, आमजन की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और सत्ता से जवाबदेही सुनिश्चित करना पत्रकारिता की प्रमुख जिम्मेदारी है। पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का कर्तव्य है।

इस अवसर पर जसपाल गुसाईं, सुभाष त्यागी, रोशन सुंदरियाल और अनुसूया पुजारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

देवभूमि खबर

Related articles