पंतनगर केवल विश्वविद्यालय नहीं, अवसरों का मंच है : डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ-2026 कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुसंधान सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, खेल, संस्कृति, छात्र कल्याण और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न अवसरों से परिचित कराया जा रहा है।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंतनगर केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि एक ऐसा अवसर है, जो विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और असाधारण उपलब्धियां हासिल करने का मंच प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ा सोचने, निरंतर प्रयोग करने तथा बहुविषयक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासा और रचनात्मकता को लगातार विकसित करते हुए उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस पंतनगर ने देश की हरित क्रांति में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, आज उसी की नई पीढ़ी से कृषि, तकनीक, जैव प्रौद्योगिकी, पशु विज्ञान, इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी को एक साथ जोड़कर नई संभावनाओं और नई क्रांति का निर्माण करने की अपेक्षा है।
कुलपति ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपका विषय आपकी नियति तय नहीं करता; आपकी लगन, आपका जुनून और उत्कृष्टता के प्रति आपकी प्रतिबद्धता आपकी दिशा तय करती है।
दीक्षारंभ कार्यक्रम आगामी 15 दिनों तक चलेगा। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुसंधान एवं नवाचार की संभावनाओं तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से रूबरू होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।
पंतनगर की गौरवशाली शैक्षणिक एवं अनुसंधान परंपरा से जुड़ रहे नए विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ-2026 नई सोच, नए सपनों और नई उड़ान की शुरुआत के रूप में सामने आया है।
