पौड़ी पुलिस ने चरस तस्करी के मुख्य सप्लायर को दबोचा, दो एनडीपीएस मामलों में फरार ₹5 हजार का ईनामी आरोपी उत्तरकाशी से गिरफ्तार

पौड़ी पुलिस ने चरस तस्करी के मुख्य सप्लायर को दबोचा, दो एनडीपीएस मामलों में फरार ₹5 हजार का ईनामी आरोपी उत्तरकाशी से गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। नशा तस्करों के नेटवर्क को लगातार ध्वस्त करने की मुहिम के तहत पौड़ी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चरस तस्करी के मुख्य सप्लायर और दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5 हजार के ईनामी आरोपी बृजपाल को उत्तरकाशी के मनेरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी की सप्लाई चेन को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने गहन जांच, सुरागरसी और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को भीमगोड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मेनपाल और राजकुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से क्रमशः 503 ग्राम और 501 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई थी। वहीं 25 जून 2026 को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चन्द्रपाल के कब्जे से 1 किलो 62 ग्राम चरस बरामद हुई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरामद चरस की सप्लाई उत्तरकाशी निवासी बृजपाल द्वारा की गई थी।
इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से 18 जुलाई 2026 को उसे मनेरी, जनपद उत्तरकाशी से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी बृजपाल (36 वर्ष), पुत्र निहाल सिंह, निवासी मनेरी, उत्तरकाशी के खिलाफ थाना लक्ष्मणझूला में एनडीपीएस अधिनियम के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय रमन, हेड कांस्टेबल दिनेश दिलवाल और कांस्टेबल सतपाल भण्डारी शामिल रहे। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और उनकी सप्लाई चेन के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles