चिकित्सा अधिकारियों के 276 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू,राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने जारी किया परीक्षा कार्यक्रम
देहरादून। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारियों के बैकलॉग के 276 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.ukmssb.org पर परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है।
चयन बोर्ड के अनुसार, आगामी 28 अप्रैल को अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार परीक्षा एवं अभिलेख सत्यापन से संबंधित दिशा-निर्देश वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे। वहीं, 01 मई को अर्ह अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे और 07 मई से साक्षात्कार परीक्षा प्रारंभ होगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के अंतर्गत साधारण ग्रेड चिकित्सा अधिकारियों के 276 बैकलॉग पदों के अधियाचन के आधार पर यह भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। इन पदों में अनुसूचित जाति के लिए 183, अनुसूचित जनजाति के लिए 06, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 59, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के दिव्यांगजनों के लिए 04 तथा अनारक्षित श्रेणी के दिव्यांगजनों के लिए 24 पद शामिल हैं।
राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा एवं शासन के निर्देशों के मद्देनजर इस भर्ती प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि समय से चयन परिणाम जारी कर नए चिकित्सकों की तैनाती की जा सके।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, डॉ धन सिंह रावता ने कहा कि राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा अधिकारियों के बैकलॉग के 276 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। शीघ्र ही चयन परिणाम घोषित कर 276 नए डॉक्टरों को आवश्यकतानुसार चारधाम यात्रा तथा दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

