तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोना ठगने वाला ‘ठग बाबा’ गिरफ्तार, 15 तोला सोना और 5 लाख रुपये बरामद

तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोना ठगने वाला ‘ठग बाबा’ गिरफ्तार, 15 तोला सोना और 5 लाख रुपये बरामद
Spread the love

देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को ठगने वाले कथित ‘ठग बाबा’ राहुल थापा को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अनिष्ट का भय दिखाकर पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर महिला से 65 तोला सोना ठगने का आरोप है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 15 तोला सोने से बना 150 ग्राम का बिस्कुटनुमा बार और आभूषण बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान आरोपी राहुल थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में उसने महिला से धोखाधड़ी कर आभूषण हड़पने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल थापा वर्ष 2013 से पंडिताई का कार्य कर रहा था और लोगों का भविष्य बताने तथा माता की चौकी लगाने के नाम पर विश्वास हासिल करता था। अधिक पैसा कमाने के लालच में उसने नई तरकीब अपनाई। वह अपने संपन्न शिष्यों के घरों के बाहर रात में जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता और अगले दिन उन्हें फोन कर घर पर अनिष्ट या तंत्र-मंत्र होने का डर दिखाता था।
इसके बाद वह पूजा-अनुष्ठान कराने के नाम पर मोटी रकम और कीमती सामान हासिल करने की कोशिश करता था। पुलिस के अनुसार, सेलाकुई निवासी महिला ओशीन गुरंग के साथ भी इसी तरीके से धोखाधड़ी की गई।

आरोपी ने महिला और उसकी मां को पूजा के दौरान सभी आभूषण एक पोटली में बांधकर संदूक में रखने के लिए कहा। फिर उन्हें चावल देकर छत की परिक्रमा के लिए भेज दिया और इसी दौरान संदूक से आभूषण निकालकर अपने पास रख लिए। पूजा समाप्त होने के बाद उसने संदूक को 62 दिन तक न खोलने की सलाह दी और खुद आभूषण लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 150 ग्राम का सोने का बिस्कुटनुमा बार तथा 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना लगभग तीन माह पुरानी होने के कारण शेष आभूषणों की बरामदगी चुनौतीपूर्ण है, लेकिन पुलिस रिमांड लेकर आगे भी प्रयास किए जाएंगे।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। उसके अपराध करने के तरीके, संभावित सहयोगियों और पूर्व की घटनाओं की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, अंधविश्वास और अनिष्ट के नाम पर किसी भी व्यक्ति के बहकावे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

देवभूमि खबर

Related articles