वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने पुलिस लाईन पौड़ी में ली मासिक अपराध गोष्ठी, कांवड़ मेला व पंचायत चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 81 पुलिसकर्मी सम्मानित

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने पुलिस लाईन पौड़ी में ली मासिक अपराध गोष्ठी, कांवड़ मेला व पंचायत चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 81 पुलिसकर्मी सम्मानित
Spread the love

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह की अध्यक्षता में आज पुलिस लाइन पौड़ी में जुलाई माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसएसपी ने कांवड़ मेला ड्यूटी, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तथा आपदा प्रबंधन में जिम्मेदारी व निष्ठा के साथ कार्य करने वाले पुलिस बल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और राहत दल ने बेहतर समन्वय के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है।

उन्होंने निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों और अभिभावकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही साइबर ठगी, चोरी एवं महिला अपराध जैसे संवेदनशील मामलों की विवेचना त्वरित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाए।

‘ऑपरेशन लगाम’ व ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ अभियान को और प्रभावी ढंग से जारी रखने पर जोर देते हुए एसएसपी ने थानाध्यक्षों को धार्मिक व पर्यटक स्थलों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

सभी थाना प्रभारियों को सीसीटीएनएस सहित ऑनलाइन पोर्टलों पर सूचनाएं अपडेट रखने, सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए।

गोष्ठी में जुलाई माह में आयोजित कांवड़ यात्रा व पंचायत चुनाव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने तथा सराहनीय कार्य करने वाले 81 पुलिसकर्मियों और अन्य 15 कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, सीओ श्रीनगर अनुज कुमार, सीओ कोटद्वार निहारिका सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन तुषार बोरा, पुलिस उपाधीक्षक सदर त्रिवेन्द्र सिंह राणा, अभियोजन अधिकारी वर्षा सहित सभी थाना व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles