एसपी कमलेश उपाध्याय ने मासिक अपराध गोष्ठी में नशा उन्मूलन व अपराध नियंत्रण के दिये निर्देश, 16 पुलिसकर्मी किए सम्मानित
उत्तरकाशी।कमलेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी ने आज कोतवाली धरासू में अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की मासिक अपराध गोष्ठी/सैनिक सम्मेलन आयोजित किया । सम्मेलन में सर्वप्रथम कर्मियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया तथा पूर्व में प्राप्त समस्याओं पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। जनवरी 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को “मैन ऑफ द मंथ” घोषित करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में नशा उन्मूलन, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण तथा विशेषकर एनडीपीएस एक्ट एवं महिला संबंधी गंभीर प्रकरणों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे Operation Crackdown–Verification Drive के अंतर्गत अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों, संदिग्धों एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कर प्रभावी कार्रवाई करने और आमजन में पुलिस सत्यापन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। होटल, होम-स्टे, हॉस्टल, किरायेदारों, श्रमिकों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त ऑपरेशन स्माइल अभियान की समीक्षा करते हुए गुमशुदा बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों की तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों पर अंकुश, यातायात नियमों के पालन, नशा उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे अभियान अभया के अंतर्गत निरंतर जागरूकता कार्यक्रम एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
मासिक अपराध गोष्ठी में जिला होमगार्ड कमांडेंट श्री विजयपाल चोपरियाल, प्रतिसार निरीक्षक श्री शिव कुमार, निरीक्षक अभिसूचना श्री विकास नौटियाल, निरीक्षक दूरसंचार श्री सचिन कुमार, निरीक्षक श्री प्रमोद उनियाल, श्री टीकम सिंह चौहान, श्री दीपक नौटियाल सहित सभी कोतवाली/थाना/इकाई प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

