उत्तराखण्ड पुलिस की बड़ी कार्रवाई – नकल माफिया हाकम सिंह और सहयोगी गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस ने सख्त नकल विरोधी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नकल माफिया हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया है।
अभियुक्तों द्वारा अभ्यर्थियों से परीक्षा में पास कराने के नाम पर 12 से 15 लाख रुपये तक की मांग की जा रही थी। उनकी योजना थी कि यदि परीक्षार्थियों का चयन स्वतः हो जाता तो पूरी राशि खुद हड़प लेते और यदि चयन न होता तो पैसों को आगे की परीक्षाओं में एडजस्ट करने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते।
पुलिस और एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गिरोह बनाकर अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहे हैं। गोपनीय जांच के दौरान सामने आया कि पंकज गौड़ नामक व्यक्ति हाकम सिंह के संपर्क में है और दोनों मिलकर अभ्यर्थियों से मोटी धनराशि ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पटेल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है –
- हाकम सिंह, पुत्र केदार सिंह, निवासी ग्राम निवाड़ी, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी, आयु 42 वर्ष।
- पंकज गौड़, पुत्र केशवानंद गौड़, निवासी ग्राम कंडारी, ब्लॉक नौगांव, राजस्व थाना कंडारी, बड़कोट, जनपद उत्तरकाशी, आयु 32 वर्ष।
दोनों के खिलाफ उत्तराखण्ड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं उपाय) अध्यादेश 2023 के तहत कोतवाली पटेल नगर में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पूरे प्रकरण में परीक्षा की गोपनीयता और सुचिता भंग होने का कोई संदेह नहीं है। यह गिरोह केवल अभ्यर्थियों को गुमराह कर ठगी करने की मंशा से सक्रिय था।
