टिहरी पुलिस की ईमानदारी से लौटी पर्यटकों की मुस्कान, ₹2.50 लाख का डायमंड पेंडेंट और खोया मोबाइल किया बरामद
टिहरी गढ़वाल पुलिस ने अपनी तत्परता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए कैम्पटी फॉल क्षेत्र में दो पर्यटकों की खोई हुई बहुमूल्य संपत्ति बरामद कर उन्हें सुरक्षित वापस सौंप दी। इस सराहनीय कार्य के बाद पर्यटकों ने पुलिस का आभार जताते हुए उसकी कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपद पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक डायमंड पेंडेंट और एक मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को जयपुर (राजस्थान) निवासी एक प्रोफेसर कैम्पटी फॉल घूमने आई थीं। स्नान के दौरान उनका लगभग ₹2.50 लाख मूल्य का डायमंड पेंडेंट झरने के पानी में गिरकर खो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली कैम्पटी की एचपीयू शाखा के कांस्टेबल जसवीर सिंह और कांस्टेबल सागर मौके पर पहुंचे और स्थानीय व्यापारियों व फॉल पर कार्यरत लोगों के सहयोग से व्यापक खोज अभियान शुरू किया।
पुलिस की निगरानी में सीमित एवं विश्वसनीय स्थानीय व्यक्तियों की सहायता से चलाए गए सर्च अभियान के दौरान काफी प्रयासों के बाद बहुमूल्य डायमंड पेंडेंट पानी से बरामद कर सुरक्षित रूप से उसकी स्वामिनी को लौटा दिया गया।
इसी अभियान के दौरान एक अन्य पर्यटक का पानी में गिरा मोबाइल फोन भी पुलिस ने खोज निकाला और उसके मालिक को सकुशल वापस सौंप दिया। अपनी खोई हुई संपत्ति वापस मिलने पर दोनों पर्यटकों ने कैम्पटी पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी पुलिस के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से पर्यटकों का विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। टिहरी पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा तथा सहायता के लिए वह हर समय पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

