उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक गैरसैंण में आयोजित होगा

उत्तराखंड शासन के विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार वर्ष 2026 में उत्तराखंड की पंचम विधानसभा का प्रथम सत्र/आय-व्ययक (बजट) अधिवेशन 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह सत्र विधानसभा भवन, भराड़ीसैंण, गैरसैंण में संपन्न होगा।
प्रमुख सचिव, विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा इस संबंध में सचिव, विधानसभा को औपचारिक पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि शासन स्तर पर निर्णय लेते हुए उक्त तिथियों में सत्र आहूत करने का निर्णय लिया गया है।
बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्ययक प्रस्तुत करेगी तथा विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों और नीतिगत विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
इस अधिवेशन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि सत्र का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी का दर्जा प्राप्त है और यहां आयोजित होने वाले सत्र को विशेष महत्व दिया जाता है।

