द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में आपदा और अग्निकांड से निपटने के लिए युवाओं को दिया गया प्रशिक्षण
अल्मोड़ा ।जनपद में फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए युवाओं को आपदा एवं अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद के सभी फायर स्टेशनों को आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा श्री नरेन्द्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में अग्निशमन अधिकारी रानीखेत श्री गणेश चंद्र द्वारा द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में फर्स्ट रिस्पॉन्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं को आपदा के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान फायर टीम ने अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक बचाव उपायों और सुरक्षित रेस्पॉन्स के तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग और आरटीओ विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

